शाहगंज। नगर के पुराना चौक मोहल्ला स्थित एक मैरिज हाल में चोरी से दूसरी शादी रचाने पहुंचे दूल्हे की कारस्तानी का पता चलते ही विवाहिता परिजनों संग मंडप में पहुंच गई। मैरिज हाल में हंगामा के बाद पहुंची पुलिस को देख नई दुल्हन परिजनों के साथ फरार हो गयी। पत्नी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार की रात नगर के पुराना चौक स्थित एक मैरिज हाल में विवाह समारोह का आयोजन किया गया था। जहां अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव निवासी अमित कुमार पुत्र कन्हैयालाल का विवाह आजमगढ़ जनपद के पलिया गांव निवासी युवती से होने की रस्में अदा की जा रही थीं। द्वारपूजा के बाद जयमाल के रस्म की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान एक युवती पहुंची और दूल्हा अमित को अपना पति बताते हुए हंगामा करने लगी। उसका कहना था कि अमित शादीशुदा है और चोरी से दूसरा विवाह कर रहा है। हंगामे की खबर किसी ने पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत कराया। अंबेडकर नगर जिले के इल्तेफातगंज टांडा निवासी प्रतिज्ञा सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2016 को अमित के साथ हुई थी। अमित दहेज के लिए पहले से प्रताड़ित कर रहा था जो अब चोरी से दूसरी शादी करने जा रहा है। विवाहिता ने पति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पहली पत्नी प्रतिज्ञा के हंगामे के बाद विवाह का कार्यक्रम रोक दिया गया। दूल्हन और उसके परिजन मौके से फरार हो गए।