मुंगराबादशाहपुर/बक्शा(जौनपुर)। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नईबाजार मोहल्ले में स्थित एक मशीनरी स्टोर की दीवार काटकर घुसे चोरों ने 2.25 लाख का सामान उड़ा दिया। जबकि बक्शा थाना क्षेत्र के कर्तिहा बाजार में तीन दुकानों का ताला तोड़क नकदी समेत 25 हजार का सामान चोरी कर लिया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नईगंज निवासी रोहित की नगर के नईबाजार मोहल्ले में मशीनरी स्टोर है। रात में चोर छत पर लगे दरवाजे के बगल से दीवार काटकर अंदर घुसे और सीढ़ी से दुकान में उतर गए। दुकान मे रखे 12 सबमर्सिबल पंप सहित करीब सवा दो लाख का सामान चुरा लिया। सुबह रोहित जब दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और करीब 12 सबमर्सिबल पंप सहित कई कीमती सामान गायब थे। छत पर गये तो दरवाजा खुला था और बगल से दीवार कटी थी। इससे अंदाजा लग गया कि चोर पहले दीवार काटकर अंदर सीढ़ी पर आए और छत पर सीढ़ी के रास्ते लगे दरवाजे को अंदर से खोल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। उधर बक्शा थाना क्षेत्र के कर्तिहा बाजार में स्थित डा. शिवनाथ प्रजापति की क्लीनिक, श्रीधर दुबे की उर्वरक व एक इलेक्ट्रिक की दूकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत करीब 25 हजार का माल पार कर दिया। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि किसी ने चोरी की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।