मछलीशहर। जमीन बेचने से नाराज बेटे ने पिता के शव का दाहसंस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शव के दाहसंस्कार के लिए मृतक के भाई को राजी कर लिया। घटना मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के जुड़ऊपुर गांव का है।
जुड़ऊपुर गांव निवासी गजराज सिंह(52) के पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं। वह घर पर अकेले रहते थे। रविवार को गजराज सिंह का शव घर के कमरे में मिला। उनकी मौत कब हुई किसी को पता नहीं। कमरे से दुर्गंध उठने पर लोगों ने जाकर देखा तो उनका मृत शरीर बिस्तर पर पड़ा था। आस पड़ोस ने मुम्बई में रहने वाले बेटे किशन सिंह और उनकी पत्नी साधना सिंह को सूचना दी। लेकिन दोनों ने दाह संस्कार करने से मना कर दिया। लोगों ने मृतक की विवाहिता बेटी जूही को उसके ससुराल में भी खबर दी लेकिन वह भी आने को तैयार नहीं हुई। गांव के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कोतवाल अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने पड़ोसी अभय राज सिंह, धर्म राज सिंह आदि लोगों से बात किया तो सबने विवाद में फंसने के डर से दाह संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद कोतवाल ने ग्राम प्रधान व बीडीसी को बुलाकर अपने पास से पैसा देकर कफन मंगवाया। शव को कब्जे में लेकर कोतवाली लाए। ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस ने दाह संस्कार की भी व्यवस्था कराई। मृतक गजराज सिंह अपनी सम्पत्ति का अधिकांश हिस्सा बेच चुके थे । जिसके कारण उनकी पत्नी, बेटे, बेटियां उनसे किनारा कर लिए थे। इधर काफी दिनों से वह बीमार चल रहे थे । चोट लगने के बाद इलाज न होने बाद इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई।