जौनपुर। सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक घुसने की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था और सिर पर चोट लगने से गई जान। रोडवेज की बस एवं ट्रक और दो बाइक की आमने- सामने हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए।
मछलीशहर क्षेत्र के जहांसापुर गांव में रायबरेली हाईवे पर खड़े ट्रक में बाइक पीछे से घुस गई, जिससेे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात मौत हो गई है। बरसठी थाना क्षेत्र के बेलौना खुर्द गाँव निवासी भीम (25) अपने रिश्तेदार सिकरारा क्षेत्र के हरदुआ निवासी संदीप कुमार के साथ मंगलवार को खाखोपुर बाजार में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय मछलीशहर कोतवाली के जहांसापुर गांव के निकट सड़क पर खराब ट्रक के पीछे से बाइक घुस गई। बाइक चला रहे भीम की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी संदीप की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था और सिर में गंभीर चोट लगने का कारण मौत हुई।
उधर, गौराबादशाहपुर क्षेत्र के केशवपुर रेलवे फाटक के पास मंगलवार की रात इलाहाबाद से 17 सवारी लेकर गोरखपुर जा रही रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर हो गई। बस चालक अनुज त्रिपाठी निवासी कुंडा प्रतापगढ़ और एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मुंगराबादशाहपुर के इटहरा के पास बुधवार की सुबह दो बाइक की आमने - सामने हुई टक्कर में मछलीशहर थाना क्षेत्र के ग्राम बराईपार निवासी मोना गुप्ता पत्नी शैलेंद्र गुप्ता घायल हो गई। वह अपने लड़के अभिषेक के साथ बाइक से प्रतापगढ़ से मछलीशहर अपने घर लौट रही थी। उसे पीएचसी मुंगराबादशाहपुर में भर्ती कराया गया।