जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जूड़पुर गांव में अधिकारी बनकर पहुंचे बाइक सवार जालसाजों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसके पास से 10 हजार नकदी और सोने की दो अंगूठियां, कनफूल, झुमका व पायल से भरा पर्स लेकर फरार हो गए। पीड़ित की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार निवासी सोनम पत्नी संदीप कुमार जायसवाल अपने मायके नेवढ़िया थाना क्षेत्र के जूड़पुर गांव निवासी भोलानाथ जायसवाल के घर आई थी। रविवार की शाम करीब 6:30 बजे वह अकेले दरवाजे पर बैठी थी। उसी दौरान पुलिस का स्टीकर लगी बाइक से दो लोग पहुंचे। जालसाजों ने भोलानाथ जायसवाल के परिवार के सदस्यों की एक सूची दिखाते हुए कहा कि वे केंद्र सरकार के अधिकारी हैं । पीएम मोदी ने विशेष योजना के लिए भोलानाथ का चयन किया है। इस योजना के तहत परिवार के सभी सदस्यों के बैक खाते में तीस-तीस हजार रुपया सरकार भेजेगी। सोनम ने उनको बैठाया और जलपान कराया। जालसाजों ने परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक पासबुक मांगा। सोनम आधार कार्ड लेने के लिए कमरे में गई। उसी दौरान वे चारपाई पर रखा पर्स लेकर फरार हो गए। सोनम के शोर मचाने पर दूसरे कमरे में मौजूद उनकी भाभी ने आ गईं। आसपास के लोगों ने जालसाजों का पीछा किया लेकिन वे भाग निकले। पर्स में 10 हजार रुपये, सोने की दो अंगूठियां, एक कनफूल और बच्ची की पायल, झुमका था। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है लेकिन सुबह से ही वायरलेस सेट सर्किल के थानों को सतर्क किया जाता रहा।