शाहगंज। वाहन चोरी की घटना में शामिल होने के संदेह में कोतवाली में पूछताछ के लिए लाया गया बाइक चोरी का आरोपी पूछताछ के दौरान पुलिस वाले को धक्का देकर थाने से फरार हो गया। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने सोमवार की देर रात वाहन चोरी की घटना में शामिल होने के संदेह पर बाइक के साथ दो युवकों को हिरासत में लिया था। नगर के अयोध्या मार्ग स्थित पान दरीबा तिराहे के पास से पकड़े गये युवकों को पुलिस कोतवाली लाई। जहां रात करीब 11 बजे प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश सिंह ने नगर के अंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी संदिग्ध वाहन चोरों को अपने कार्यालय में बुलाकर पूछताछ शुरु किया। पूछताछ के बीच ही अचानक एक युवक गेट पर खड़े पुलिस के जवान को धक्का देते हुए भाग निकला। फिलहाल पुलिस उक्त चोर को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। मामला चर्चाओं में है। उधर क्षेत्राधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने अनभिज्ञता जताते हुए बताया कि ऐसी कोई सूचना उन्हें नहीं मिली है।