उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के करंजाकला इलाके के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में रविवार की रात आई बारात में डीजे पर फरमाइशी गाने को लेकर मारपीट और फायरिंग हुई। इसमें दो लोग घायल हो गए। रविवार की रात खानपुर गांव निवासी सुजीत की पुत्री की शादी थी।
बरात गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बंजारेपुर गांव से आई थी। द्वारपूजा के दौरान डीजे पर घराती बराती डांस कर रहे थे। डीजे पर फरमाइशी गाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बरातियों की तरफ से किसी ने तमंचे के बट से घराती पक्ष के साजन (16) पुत्र प्रमोद कुमार के सिर पर वार कर दिया।
इससे उसका सिर फट गया। रामअवध (21) पुत्र रामआसरे बीच बचाव करने पहुंचे तो मनबढ़ युवक ने तमंचे से उनके सिर पर भी वार कर दिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गया। फायरिंग से भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
साजन का अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि रामअवध को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छोड़ दिया गया। लड़की के पिता सुजीत कुमार की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।