जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में स्कार्पियो सीखने के दौरान एक व्यक्ति गाड़ी लेकर डीएम कार्यालय में घुस गया। जिसमें दो से तीन पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। स्कार्पियो का संस्पेशन टूट जाने के कारण चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सुरक्षा में तैनात होमगार्ड की सूचना पर पहुंची लाइन बाजार पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। महज यह संयोग ही था कि परिसर में टहल रहे लोग बाल-बाल बच गए।
कलेक्ट्रेट परिसर में विकास भवन, एसपी आफिस, तहसील परिसर, जिला पंचायत कार्यालय है। परिसर में चारों तरफ से लोगों के आने-जाने का रास्ता है। हुसैैनाबाद मोहल्ले के लोग भी इधर से ही होकर आते-जाते हैं। सुबह में लोग सैकड़ों की संख्या में पार्क होने की वजह से टहलते हैं। छुट्टी के दिन लोग इसमें गाड़ियां चलाना सीखते हैं। चारों तरफ गेट लगे हैं लेकिन बंद नहीं होने से बिना रोक-टोक लोग आते- जाते हैं। रविवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में लोग टहल रहे थे इसी दौरान एक युवक स्कार्पियो चलाना सीख रहा था।
इसी दौरान स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डीएम कार्यालय में घुस गई। इस दौरान अंग्रेजों के जमाने के निर्मित दो से तीन पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक को भी चोटें आई लेकिन लोगों को अपनी तरफ आता देख वह मौके पर गाड़ी छोड़ फरार हो गया। कलेक्ट्रेट में टहलने वाले एक शिक्षक ने बताया कि संयोग अच्छा था नहीं तो कई लोगों की जान गाड़ी के चपेट में आने की वजह से चली जाती। उधर डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने भी अनाधिकृत वाहनों के परिसर में घुसने पर नाराजगी जताया है। सीओ सिटी नृपेंद्र का कहना है कि लाइन बाजार पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। स्कार्पियो मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।