गौराबादशाहपुर। स्थानीय कस्बे में रविवार को दोपहर करीब 12 बजे कूड़े की आग से रेडीमेड कपड़े और इलेक्ट्रानिक समेत तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने के चलते कस्बे में जौनपुर आजमगढ़ मार्ग करीब एक घंटे तक जाम रहा। अगलगी की इस घटना में करीब 15 लाख से अधिक की क्षति हुई है।
गौराबादशाहपुर कस्बे में मीनारा मस्जिद के पास गुड्डू सिद्दिकी की किचन सेंटर नाम से दुकान है। इसी दुकान के पीछे रखे गए कूड़े में किसी किसी तरह आग लग गई। दोपहर में करीब 12 बजे कूड़े में लगी आग दुकान तक पहुंच गई। दुकान के पिछले हिस्से में लगी आग पर लोगों की नजर पड़ी तो आग की लपटें तेज हो चुकी थी। जबतक लोग आग पर काबू पाते तब तक बगल मे स्थित मो. यूसुफ की नकाब और रेडीमेड कपड़ों की दुकान भी जलने लगी। इसी दुकान के बगल में स्थित सरफराज अहमद की इलेक्ट्रानिक की दुकान में भी आग लग गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क पर यातायात ठप हो गया। जिससे जौनपुर आजमगढ़ मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक तीनों दुकानों में रखा करीब 15 लाख से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान एक घंटे तक जौनपुर आजमगढ़ मार्ग पर यातायात ठप रहा।