जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मिसिरपुर पानदरीबा मोहल्ले में निर्माणाधीन प्रधान मंत्री आवास का बारजा ढहने से बालिका की मौत की घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आरपी मिश्र ने बताया कि घटना की जांच के आदेश परियोजनाधिकारी डूडा को दिया गया है। एडीएम ने कहा है कि मृत बालिका के परिजनों को शासन से आर्थिक मदद भी दिलाई जाएगी।
मिसिरपुर मोहल्ला निवासी प्रदीप कुमार चौरसिया की बेटी तेस्वी (8) इसी मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। शुक्रवार को दोपहर में करीब एक बजे वह स्कूल से पैदल घर लौट रही थी। घर से थोड़ी दूर पहले पहुंची थी तभी रास्ते के बगल में निर्माणाधीन प्रधान मंत्री आवास का बारजा ढह गया। सड़क पर चार फीट तक निकला बारजा अचानक ढहने से मलबा बच्ची के ऊपर गिर पड़ा जिससे उसकी मौत हो गई। मृत बच्ची के परिजन और स्थानीय लोगों की माने ते निर्माण में लापरवाही की वजह से हादसा हुआ है। प्रधान मंत्री आवास के ऊपर भी निर्माण कराया जा रहा था। दीवाल बनाने के लिए ईंट बारजे पर रख दिया गया था। जिससे बारजे पर लोड अधिक होने से बारजा ढह गया।