मडियाहूं। खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में घुस कर मंगलवार को ब्लाक प्रमुख ने कहासुनी एवं धक्कामुक्की की। घटना से नाराज बीडीओ ने कार्यालय में ताला बंद कर डीएम को घटना की जानकारी दी।
सपा ब्लाक प्रमुख लाल प्रताप यादव मंगलवार को दोपहर में खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बीडीओ रामदरश चौधरी से एनआरपी बाबू को रिलीव करने को कहा। जिस पर खंड विकास अधिकारी ने कहा कि अभी रिलीव नहीं किया जाएगा। जब कोई आएगा तो रिलीव कर दिया जाएगा। बीडीओ की यह बात ब्लाक प्रमुख को नागवार लगी। आरोप है कि उन्होंने बीडीओ को धमकी देते हुए उनके साथ धक्का मुक्की शुरू कर दिया। धमकी से आहत खंड विकास अधिकारी ने इसकी सूचना डीएम को दी। जिलाधिकारी ने बीडीओ को कार्यालय बंद करने का निर्देश दे दिया। बीडीओं ने ब्लाक में ताला जड़ दिया।
ब्लाक प्रमुख द्वारा तमाम लोगों के स्थांतरण करने व आवास मे धांधली कराने का दबाव बनाया जाता है। नहीं करने पर धमकी देकर अक्सर गालीगलौज करते है। मंगलवार को भी उन्होंने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए धक्कामुक्की किया। उनके क्रियाकलापों से क्षुब्ध होकर ब्लाक में ताला बंद कर दिया गया।-रामदरश चौधरी, खंड विकास अधिकारी मंडियाहूं