बक्शा। स्थानीय थाने की पुलिस और स्वाट टीम ने चोरी की दो बाइक के साथ वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनके कब्जे से सितंबर महीने में चुरावनपुर गांव से लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
बक्शा थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव ने बताया कि रविवार की रात उपनिरीक्षक रामदवन यादव हमराही अनिल यादव, जयराम तिवारी, पवन दूबे के साथ गश्त पर थे। हाईवे पर स्वाट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत सिंह भी अपनी टीम के साथ पहुंच गए। वे आपस में कुछ अपराधियों के बारे में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उपनिरीक्षक रामदवन यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य लेदुका से नौपेड़वा की ओर आ रहे हैं। पुलिस और स्वाट टीम मई गांव में पीली नदी के पास जाल बिछाकर वाहन चोरों के आने का इंतजार करने लगी। जैसे ही बाइक पर सवार वाहन चोर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में दीपक यादव उर्फ टेटे निवासी प्राणपट्टी तथा सचिन यादव उर्फ भीमे निवासी भगतपुर बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके गिरोह के दो सदस्यों को नगर कोतवाली पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। उनके कब्जे से बीते 10 सितम्बर की रात इसी थाना क्षेत्र के चुरावनपुर गांव से लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।