शाहगंज। रोडवेज डिपो से लखनऊ जा रही बस के चालक को मनबढ़ युवकों ने पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख मनबढ़ फरार हो गए। उनकी बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के सरायपुर गांव निवासी जय मंगल यादव पुत्र रामधीन यादव संविदा पर रोडवेज बस चालक है। मंगलवार की रात करीब दस बजे वह शाहगंज डिपो की बस लेकर लखनऊ के लिए निकला था। बस जैसे ही डिपो से बाहर सड़क पर पहुंची तभी एक मोबाइल की दुकान के सामने मनबढ़ों ने बाइक को सड़क पर खड़ा कर दिया था। चालक ने बाइक हटाने के लिए कई बार हार्न बजाया। लेकिन मनबढ़ युवकों ने बाइक हटाने के बजाए बस चालक को खींचकर नीचे उतार लिया और लात घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो मनबढ़ बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। पिटाई से घायल चालक का इलाज राजकीय चिकित्सालय में कराया गया।