खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के संजरपुर गांव में खलिहान के लिए सुरक्षित जमीन पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर अड़े बजरंगदल के जिला मिलन प्रमुख समेत 32 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। इन पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने और शांति भंग करने का आरोप है। जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उसमें 10 गांवों के लोग शामिल हैं। जिसमें नौ महिलाएं भी हैं।
संजरपुर गांव में खलिहान के लिए सुरक्षित की गई जमीन पर घासफूस के बीच 11 अक्तूबर को बजरंगबली की मूर्ति मिली थी। गांव के लोगों का कहना था कि मूर्ति जमीन के अंदर से निकली है, यहीं पर मंदिर बनेगा। लोगों ने साफ सफाई कर उस स्थान को बांस बल्ली से घेर दिया और मूर्ति के सामने पूजा पाठ शुरू कर दिया। गांव के ही दूसरे वर्ग के लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस और एसडीएम शाहगंज से शिकायत की। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने खलिहान के नाम से सुरक्षित की गई भूमि से मूर्ति उठवाकर थाने भेज दिया था। जिसका गांव के लोगों ने काफी विरोध किया। पुलिस ने गुरुवार को बजरंग दल के जिला मिलन प्रमुख अनुपम पंडित सहित संजरपुर गांव के आठ, खुटहन के चार, कैराडीह के छह, ताजूपुर के दो, शेख अशरफपुर के तीन, तिघरा के एक, इमामपुर के दो, शेखपुर सुतौली तथा भागमलपुर गांव के दो- दो सहित 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।