मुंगराबादशाहपुर। सराय रुस्तम गांव में कराए जा रहे धर्मांतरण को पुलिस ने रविवार को दोपहर में रोक दिया। पुलिस ने धार्मिक पुस्तकें भी कब्जे में ले लिया। साथ ही एक पादरी को गिरफ्तार कर लिया। वहां जुटी सैकड़ों महिलाएं पादरी की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस से भिड़ र्गइं। हंगामा बढ़ता देखकर मौके पर पंवारा सहित अन्य थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
मुंगराबादशाहपुर कस्बे के निकट सराय रुस्तम गांव निवासी ओमप्रकाश की दालान में रविवार को धर्मांतरण कराया जा रहा था, जहां सैकड़ों की संख्या में महिला अनुयायी जुटी हुई थीं। इसकी जानकारी विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शीतला प्रसाद मिश्र, सुभाष पांडेय व सुशील मिश्र ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष शशि भूषण राय ने अवैध रूप से कराए जा रहे धर्मांतरण को बंद करा दिया। वहां मौजूद धार्मिक पुस्तकों को अपने कब्जे में ले लिया। धर्मांतरण करा रहे पादरी आशापुर निवासी निर्मल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान वहां पर जुटी अनुयायी महिलाओं ने पादरी की गिरफ्तारी का विरोध किया और पुलिस से भिड़ गईं। वे कहने लगीं कि हम सभी को गिरफ्तार कर लीजिए और जेल भेज दीजिए। सावधानी के तहत थानाध्यक्ष ने थाना पवांरा व मछलीशहर थाने की पुलिस फोर्स को बुला लिया। मौके पर पहुंची भारी संख्या में पुलिस बल देखकर महिलाएं भाग खड़ी हुईं। पुलिस गिरफ्तार पादरी को थाने लेकर गई जहां उससे पूछताछ की जा रही है।