जौनपुर। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार की रात दुकान और मकान से चोरों ने नकदी व जेवरात समेत हजारों का माल पार कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मडियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर बाईपास के निकट स्थित अनुकृति फ्लेक्स प्रिंटिंग प्रेस में बीती रात चोरों ने चैनल तोड़कर दुकान में से दो बैटरी एक इनवर्टर एक कंप्यूटर व नकद 25 हजार उठा ले गए। थानागद्दी प्रतिनिधि के अनुसार केराकत कोतवीली क्षेत्र के गोबरा गांव में रिटायर्ड फौजी मूलचंद शर्मा के घर के सामने लगे सौर ऊर्जा लाइट की बैटरी चोरो ने रात में पार कर दिया। मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के मंधरपुर इटहरा निवासी विष्णु कुमार मिश्र के घर में घुसे चोरों ने नकदी व जेवरात समेत हजारों का माल पार कर दिया।
सिरकोनी प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाल पुर गांव में उर्मिला देवी पत्नी स्वर्गीय देवेंद्र चौबे के घर से चोरों ने 10 कुंटल गेहूं, सोने की चैन ,पायल, कनफूल, करधन, बर्तन आदि सामान पार कर दिए। धर्मापुर प्रतिनिधि के अनुसार केराकत कोतवाली क्षेत्र के पेसारा गांव में चोरों ने सेंधकाट लाल चंद चौहान के घर से नकदी व जेवरात समेत दो लाख का माल पार कर दिए। केराकत प्रतिनिधि के अनुसार मथुरानगर निवासी महेंद्र सरोज की सहज जनसेवा केंद्र का ताला तोड़कर हजारों का माल पार कर दिया।