मछलीशहर। क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी शिकायतकर्ता को विकास कार्यों की जानकारी मांगना महंगा पड़ गया। इससे नाराज प्रधान पति और सेक्रेटरी ने सूचना देने के बहाने शनिवार को शिकायतकर्ता को अपने कमरे पर बुलाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसकी शिकायत शिकायत कर्ता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देवरिया गांव निवासी कृष्ण कुमार पुत्र लालबहादुर ने सूचना के अधिकार के तहत जून माह में प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी समेत अन्य कार्यो को करवाने में व्यय राशि की जानकारी मांगी थी। जानकारी नहीं मिलने पर उनके द्वारा दुबारा इसकी जानकारी मांगी गई। इससे नाराज प्रधानपति और सेक्रेटरी ने शिकायतकर्ता को धमकी दी।जिसकी शिकायत शिकायतकर्ता ने पुलिस से की।इसके बाद अब जब मामला आरटीआई की अपील के माध्यम से आया तो सेक्रेटरी ने शिकायतकर्ता को शनिवार को अपने आवास पर सूचना देने के लिए बुलाया । शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां पर ग्राम प्रधान कंचन यादव के पति कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू और दो अन्य लोग उपस्थित थे। उनके द्वारा मेंरी की पिटाई की गई है ।मार खाने के बाद शिकायतकर्ता कोतवाली में पहुंचकर मामले में तहरीर दी है। पुलिस अभी मामले की जांच पड़ताल कर रही है।