शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नोनहट्टा मोहल्ला निवासी महिला ने गांधी जयंती के मौके पर कलेक्ट्रेट में आत्महत्या की चेतावनी देते हुए राष्ट्रपति को पत्र भेजा है। महिला का आरोप है कि वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर निर्माण नहीं करवा पा रही है। मनबढ़ जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। तहसील दिवस, थाना दिवस के अलावा डीएम, एसपी, जन सुनवाई पोर्टल पर सैकड़ों प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से क्षुब्ध महिला ने आत्मदाह की धमकी दी है।
नोनहट्टा मोहल्ला निवासी संगीता यादव पत्नी भोला ने अपने सास-ससुर के नाम बैनामे की जमीन पर कई बार निर्माण करने का प्रयास किया लेकिन मनबढ़ों द्वारा बलपूर्वक उन्हें रोक दिया जाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि विपक्षियों ने कई बार इसे लेकर उनकी नाबालिग बेटी और बेटे की पिटाई कर चुके हैं। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। जिससे क्षुब्ध होकर वह महामहिम राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की गुहार तक लगा चुकी है। न्याय न मिलने पर दो अक्तूबर को आत्मदाह की धमकी दी है। पीड़ित महिला ने राष्ट्रपति को दिये गये पत्रक की प्रति मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री, शिकायत पोर्टल पर भी भेजी है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा का कहना है कि जिस भूमि का विवाद चल रहा है उसी भूमि का बैनामा महिला के अलावा उसके विपक्षी के पास भी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमें के दौरान पुलिस व तहसील प्रशासन का हस्तक्षेप जायज नही है।