मछलीशहर/ सुईथाकला। जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज बाजार के समीप सोमवार को ट्रक-कार में टक्कर में कार सवार एक शिक्षक राजेश की मौत हो गई। जबकि गाड़ी को चला रहे एक अन्य शिक्षक घायल हो गया। दोनों विभागीय कार्य से जौनपुर जा रहे थे। उधर ट्रक हादसे के बाद फरार हो गया।
मछलीशहर के जमुहर गांव निवासी राजेश कुमार पाल 40 वर्ष थाना सरपतहां क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जैनपुर मे प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह मुंगराबादशाहपुर ब्लाक के जूनियर हाईस्कूल सरायखेम में शिक्षक के पद पर तैनात धीरेन्द्र कुमार के साथ किसी काम से जौनपुर रहे थे। गाड़ी धीरेंद्र चला रहे थे। दोनों समाधगंज बाजार समीप में पहुंचे थे कि सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने उन्हें मछली शहर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। साथ ही घटना की जानकारी उनके परिजनों को दिए। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने राजेश को रेफर कर दिया। परिजन राजेश को लेकर स्वरूप रानी अस्पताल इलाहाबाद में भर्ती कराए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर सूचना पर सिकरारा पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को थाने ले आई।