बदलापुर/घनश्यामपुर। साथी के परिजनों की पिटाई से आक्रोशित वकीलों ने संघ के अध्यक्ष योगेश त्रिगुनाइत के नेतृत्व में मंगलवार को तहसील प्रशासन के विरोध में हंगामा किया। संघ ने एसडीएम से मिलकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग किया।
अधिवक्ताओं ने बताया कि सोमवार की शाम बखोपुर निवासी अधिवक्ता अच्छेलाल तिवारी के भाई हरिनारायण तिवारी व पुत्र रोहित व सर्वेश को लाठी-डंडे से मार पीटकर गंभीर रूप से मनबढ़ों ने घायल कर दिया। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए फायर करते हुए भाग गए। हालांकि लोग बाल-बाल बच गए। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बजाय मामले में लीपापोती कर रही है। अधिवक्ताओं ने हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इस मौके पर महामंत्री एनपी सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, विवेक पांडेय, मुन्नालाल यादव, खेताल यादव, अवींद्र प्रताप सिंह, ईशनारायण तिवारी, अंबिका यादव, पीटर सिंह, लक्ष्मीशंकर, लालता प्रसाद आदि उपस्थित रहे। प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी से मारपीट हुई है। जो काफी पुराना मामला है। प्रकरण को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जा रही है।