जौनपुर। अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीक पुर राजकीय आईटीआई कालेज के पास हुए हादसे में युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सीओ के समझाने बुझाने पर एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के डाल्हनपुर गांव निवासी कन्हैया लाल खरवार का बेटा अभिमन्यु (22) रविवार को दिन में तीन बजे बाजार से घर लौट रहा था। सिद्दीकपुर राजकीय आईटीआई कालेज के पास शाहगंज की तरफ तेज गति से जा रही बेलेरो ने ट्रक को औवरटेक करने के चक्कर में अभिमन्यु को धक्का मारते हुए बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। उसमें सवार महिला और बच्चे बाल-बाल बच गये। चालक फरार हो गया। लोग अभिमन्यु को जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक के मौत से गुस्साए ग्रामीणों सड़क पर ईंट-पत्थर रखकर शाहगंज-जौनपुर मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सदर विनय द्विवेदी ने लोगों को समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
खेतासराय क्षेत्र के एतमादपुर गांव निवासी रूपचंद यादव (20) सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठार गांव से रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहा था। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर गुरैनी बाजार पेट्रोल पंप के निकट उसकी बाइक एक गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आ गई। रूपचंद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहने था।
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के कटिया बहाउद्दीनपुर निवासी आशीष (24) अपने चाचा राम सिंह (55) बाइक से शाहगंज की ओर आ रहे थे। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मलहज गांव के पास सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। आशीष के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई जबकि पीछे बैठे रामसिंह को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी बाइक पर सवार युवक मौका पाते ही फरार हो गया।
डोभी क्षेत्र के बलरामपुर गांव निवासी फिरतू राम की पत्नी आशा देवी(56) व उनका पुत्र दिलीप (30) और गाजीपुर जिले के खानपुर क्षेत्र के बभनौली का रहने वाला उनका रिश्तेदार छन्नू राम (60) बाइक से चंदवक की तरफ जा रहे थे। बगेरवंा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर के साइड से धक्का लग गया। बाइक सवार तीनों अनियंत्रित हो कर सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार थूंहीं गांव निवासी सुरेंद्र मौर्य भी सड़क पर गिरी बाइक से भिड़ गए। चारों घायल हो गए। उनको सीएचसी डोभी पहुंचाया गया। छन्नू राम की स्थिति गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।