जौनपुर। नवागत एसपी दिनेश पाल ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी प्रभारियों से रूबरू हुए। उन्होंने अपनी मंशा से उन्हें अवगत करा दिया। कहा कि संज्ञेय अपराधों में अपराधियों के जमानतदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। एक फाइनेंस लूट कांड की चर्चा करते हुए कहा कि इसके आरोपी छूट गए हैं। इसके जमानतदार कौन हैं इसका पता कराकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करें ताकि कोई भी व्यक्ति संज्ञेय अपराधों में अपराधियों की मदद न कर सके।
उन्होंने क्राइम एवं क्रिमिनल के बारे में भी चर्चा की। कहा कि फरियादियों की थाने पर फरियाद सुनी जानी चाहिए। अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण होना चाहिए। परिचय सम्मेलन के बाद पत्रकारों से भी एसपी ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकारों के नंबर उनके मोबाइल में फीड होंगे ताकि फोन न उठाए जाने की शिकायत कोई न कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी एसओ को भूमि विवादों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है। क्योंकि कई घटनाओं की जड़ में भूमि विवाद ही सामने आते हैं।