मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के चोरारी धरौसा गांव में चार दिन पूर्व मनबढ़ों द्वारा खेत में चर रही गाय की हुई निर्मम पिटाई के बाद गाय की उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई।
चोरारी धरौसा गांव निवासी जगदंबा प्रसाद दुबे की गाय उनके खेत में 21 जून को चर रही थी। इतने में गांव के ही इम्तियाज व रियाज पुत्र बशीर व जितेंद्र पुत्र करिया ने पहुंचकर रंजिशन गाय को लाठी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गाय चरा रहे अभिषेक दुबे को भी मारा-पीटा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। किंतु पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए अभिषेक के भाई शिवम दुबे को थाने में बंदकर शांतिभंग में चालान कर दिया। रविवार को गाय की उपचार के दौरान सुबह 6 बजे मौत हो गई। इसकी सूचना पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। जगदंबा दुबे ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग किया है। हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक विपिन दूबे व परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष कमलेश तिवारी व छोटेलाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंच गए और केस दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।