सुइथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के बसौली गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई श्रीराम बिंद की मौत के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को रविवार शाम पांच बजे ही परिजनों को सौंप दिया था। घर पहुंचने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिए। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं होगा तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस ने केस दर्ज करने का आश्वासन देकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने विसरा को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
सरपतहा थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी श्रीराम बिंद का शव शुक्रवार को सुबह उसकी चारपाई पर मिला था। मृतक की पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी हत्या का आरोप लगाया है। गांव में दो जून को हुए जातीय संघर्ष की वजह से माहौल पहले से ही तनाव पूर्ण रहा। इसी बीच अबूझ हाल में अधेड़ की मौत से तनाव और बढ़ गया। गांव में पहले से ही पुलिस और पीएसी के जवान कैंप कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम को पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर गांव चले आए। जहां दरवाजे पर शव रखने के बाद अंतिम संस्कार करने से मना कर दिए। परिवार के लोगों की जिद थी कि हत्या का केस जब तक दर्ज नहीं किया जाएगा तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस ने केस दर्ज करने का भरोसा दिलाकर शव का अंतिम संस्कार करवाया। एसपी केके चौधरी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। विसरा सुरक्षित कर उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।