जौनपुर। जिले के अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पाली सुभाषपुर गांव निवासी ओम सिंह (26) शहर के वाजिदपुर में मकान बनवाकर रहते हैं। वह शनिवार को अपने साथी तारापुर कालोनी निवासी आदित्य सिंह(25) के साथ बाइक से कहीं गए थे। बदलापुर की ओर से लौटते समय शनिवार की रात करीब 11 बजे बक्शा थाना क्षेत्र के महिमापुर के पास सामने से आ रहे किसी चारपहिया वाहन की चपेट में आ गए। ओम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका साथी घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंबेडकरनगर जिले के हंसवर गांव निवासी नेसार अहमद (35) अपने साथी खुर्शीद आलम (38) निवासी सुम्बुल के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। वह खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही मोहल्ला स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे तभी कार की चपेट में आ गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक कार छोड़कर फरार हो गया। शाहगंज क्षेत्र के सिंधाई गांव निवासी मुकेश (13) सबरहद बाजार में सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया। बक्सा थाना क्षेत्र के इटौरी गांव निवासी शुभम सिंह (21), सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के नाडिया राने गांव निवासी गोलू (24) और सिंगरामऊ के इनामपुर गांव निवासी मोहम्मद सद्दाम (23) एक शादी में शामिल होने के लिए बाइक से शहर आ रहे थे। सिधाईं मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मछलीशहर-मुंगराबादशाहपुर की ओर जा रही टाटा मैजिक कुंवरपुर गांव के पास टोल प्लाजा के निकट सड़कपर पलट गयी। उसमें सवार विमला देवी(52) निवासी फतनपुर जनपद प्रतापगढ़ , अमरपाल सिंह(60) निवासी ग्राम बटनहित थाना मछलीशहर जौनपुर व किताबुल निशा(55) निवासी कुंवरपुर थाना पवारा घायल हो गईं। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।