मछलीशहर। तहसील के रजिस्ट्री दफ्तर में नाबालिग के हिस्से की जमीन बेचने पहुंची दादी और रजिस्ट्री कराने आए उसके रिश्तेदारों की अधिवक्ताओं ने पिटाई कर दी। पुलिस ने जमीन खरीदने बेचने वालों को हिरासत में ले लिया है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के जरौना गांव निवासी गौरव (12) के पिता हौसिला प्रसाद की मौत कुछ साल पहले हो चुकी है। पति की मौत के बाद नाबालिग बेटे को छोड़कर उसकी मां कहीं और चली गई। हौसिला की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन नाबालिग गौरव के नाम वरासत हो गई। वरासत में गौरव की दादी सुखनी देवी का नाम बतौर संरक्षक दर्ज है। सुखनी देवी सोमवार को उसी जमीन को अपनी दो बेटियों उग्रसेनपुर निवासी सरिता पत्नी रामकिशुन व भदरांवा निवासी शैलकुमारी पत्नी महेश को रजिस्ट्री करने तहसील में पहुंची थी। जब बैनामा लिखकर पंजीकरण करने के लिए उप निबंधक कार्यालय में प्रस्तुत किया गया तभी जमीन का असली वारिस गौरव अपने चाचा व गांव वालों के साथ पहुंच गया। उसनेे अधिवक्ताओं को सारी बात बताई। इससे वकील आक्रोशित हो गए और शोर मचाकर रजिस्ट्री रोकवा दी गई। रजिस्ट्री करने पहुंची दादी और बैनामा कराने आए लोगों की पिटाई भी की गई। हंगामे की खबर पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया।