बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी मोहित यादव ने थाने में गुरुवार को मुकदमा दर्ज कराया है कि एक युवक ने उसका एटीएम कार्ड चुराकर उसके खाते से 2.70 लाख रुपये निकाल लिए। एटीएम चोरी होने के छह माह बाद जब वह खाते से रुपये निकालने बैंक पहुंचा, तो घटना की जानकारी हुई।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहित ने कहा है कि थाना क्षेत्र के ऊदपुर गेल्हवा गांव निवासी एक युवक छह महीने पहले उसकी बोलेरो किराए पर बुक कराकर ले गया था। उसकी गाड़ी में उसका एटीएम कार्ड रखा था। कार्ड के लिफाफे पर एटीएम का कोड भी लिखा हुआ था। उसी दौरान उस युवक ने उसका एटीएम कार्ड चुरा लिया था। जो पता नहीं चला। इस बीच उसकी तबीयत खराब हो ंगई थी। इसके बाद उसकी मां बीमार पड़ गई। मां का इलाज कराने में वह परेशान रहा। मां के इलाज के लिए पैसे की जरूरत पड़ी तो वह बुधवार को ओरियंटल बैंक की बदलापुर शाखा में स्थित अपने खाते से रुपये निकालने पहुंचा। तब पता चला कि खाते में महज 156 रुपये 25 पैसे थे। खाते से अलग अलग तिथियों में 2.70 लाख रुपये निकाल लिया गया था। उसके मोबाइल फोन पर एसएमएस की सुविधा भी नहीं है, जिससे उसे पता नहीं चल सका। उसने बैंक शाखा प्रबंधक से शिकायत की और पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।