मछलीशहर। अवैध रूप से हो रही चायनीज मांझे की बिक्री को बंद करने के लिए कोतवाली पुलिस ने रविवार को दो दुकानों पर छापेमारी की। उधर नायब तहसीलदार संतोष शुक्ल ने नगर समेत ग्रामीण बाजारों में पड़ताल की है।
शनिवार को नगर के शादीगंज मोहल्ला निवासी सलमान (24) पुत्र जल्लू चायनीज मांझा की चपेट में आने से घायल हो गया। उसके बाद प्रशासन एवं पुलिस सक्रिय हुआ और पतंग की दुकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। सैयदवाड़ा स्थित मोहसिन व मंगल बाजार के विकास अग्रहरी की पतंग की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मंझा व पतंग को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। दुकानदारों पर मुकदमा कर चलान कर दिया। इसकी जानकारी होते ही नगर में पतंग व चायनीज मंझा बेच रहे अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उधर, नायब तहसीलदार संतोष शुक्ला ने मछलीशहर कस्बे में मंगल बाजार सब्जी मंडी, सराय मुहल्ला तथा बंधवा बाजार के दुकानों पर चायनीज मंझा की तलाश में छापेमारी की। कोतवाल सिद्धार्थ मिश्र ने बताया कि दो दुकानदारों पर कार्रवाई हुई है। चाइनीज मंझा बेचने वाले अन्य दुकानदारों की सूची बनाई जा रही है।