महराजगंज। बाइक सवार बदमाशों ने खेत में अपने पति को बुलाने जा रही महिला की पिटाई कर आभूषण लूट लिए। शोर मचाने पर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुँची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।सवंसा गांव निवासी गुड्डू खरवार अपने खेत में काम कर रहा था। उसकी पत्नी 28 वर्षीय गुड़िया रविवार की शाम घर से कुछ दूर उसे बुलाने खेत में जा रही थी। इसी बीच लमहन गांव की तरफ से नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाश महिला को पकड़ लिए और उसके आभूषण को निकालने लगे। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई कर गले से सोने का लाकेट, सोने की नथिया, बाला व पायल छीनकर भाग गए। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण व परिजन पहुचे। तब तक बदमाश महराजगंज की तरफ भाग गए। सूचना मिलने पर 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।