शाहगंज। कोतवाली पुलिस ने आजमगढ़ के खैरूद्दीनपुर पवई निवासी पंकज गौतम की तहरीर पर नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन जितेंद्र सिंह व उनके पुत्र वीरेंद्र सिंह उर्फ बंटी सहित नौ लोगों के खिलाफ लूट व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा एसपी के आदेश पर दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थनापत्र में पंकज गौतम ने आरोप लगाया है कि बीते वर्ष 17 सितंबर को कौडिया गांव में पुलिस सील किए गए उसके मकान का ताला तोड़कर आरोपियों ने लूटपाट की और उनके साथ गालीगलौज किया। पूर्व चेयरमैन जितेंद्र सिंह, उनके पुत्र वीरेंद्र सिंह उर्फ बंटी, प्रदीप यादव, मुकेश, सुशील, सोमारू, रेनू , कुमारी व श्रीराम शुक्ला पर साजिश रचकर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है। पंकज गौतम की मां मालती गौतम की हत्या की साजिश के मामले में भी जितेंद्र सिंह आरोपी हैं। वह जेल भी जा चुके हैं। जिस कमरे में लूटपाट की बात कही जा रही है उसी कमरे में मालती की हत्या हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने उस कमरे को सीलकर ताला लगा दिया था।