नौपेड़वा में बारूद में विस्फोट से किशोर की मौत के बाद जुटे लोग
बक्शा। क्षेत्र के नौपेड़वा बाजार में शुक्रवार की दोपहर करीब ढाई बजे एक पटाखा व्यवसायी के घर में रखे बारूद में विस्फोट होने से गंभीर रूप से झुलसे किशोर की मौत हो गई जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे के समय मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद दो बहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पंपिंगसेट चलवाकर किसी तरह आग पर काबू पा लिया।
सिकरारा थाना क्षेत्र के गुलजारगंज निवासी मो. शरीफ की नौपेड़वा बाजार के निकट चुरावनपुर रोड पर पटाखे की फैक्ट्री है। फैक्ट्री से दो सौ मीटर दूर उसी रोड पर उसका मकान भी है। वह अपनी पत्नी बेबी के नाम से लाइसेंस लेकर वर्ष 2005 से पटाखा बनाने का कारोबार करता है। शुक्रवार को मो. शरीफ अपनी पत्नी बेबी के साथ किसी रिश्तेदार के घर प्रतापगढ़ गया था। घर पर उसके तीन बेटे और दो बेटियां मौजूद थीं। मकान की ऊपरी मंजिल पर पेंटिंग का काम चल रहा था। शरीफ का बड़ा बेटा आशिक (20) मकान में हो रही पेंटिंग की देखरेख कर रहा था। दोपहर में आशिक का छोटा भाई आरिफ स्कूल से आया तो आशिक गैस चूल्हे पर उसके लिए नाश्ता बनाने लगा। आरिफ ड्रिल मशीन से दीवाल में छेद कर रहा था। इसी दौरान शार्ट सर्किट की चिनगारी से आग लग गई। दोनों भाई आग बुझा रहे थे कि घर में रखे बारूद में विस्फोट हो गया। विस्फोट के दौरान गंभीर रूप से झुलसने के कारण आरिफ (12) की मौके पर मौत हो गई जबकि आशिक गंभीर रूप से झुलस गया। आशिक भागकर बाहर गया और सामने रखी बालू में लोटने लगा। इसी बीच घर में आग रसोई तक फैली तो सिलेंडर में भी विस्फोट हो गया। आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मकान की ऊपरी मंजिल पर मौजूद शरीफ की दोनों बेटियां तन्नू (16) और सोनी (11) को पेंटर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीण जबतक आग पर काबू पाते तबतक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरिफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से झुलसे आशिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त शरीफ का दूसरा बेटा नन्हकू (14) घर से दूर पतंग उड़ा रहा था जिससे वह बच गया।