शाहगंज/जौनपुर।
खुटहन बवाल के मामले में नामजद शाहगंज के विधायक एवं पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के पक्खनपुर स्थित आवास पर बुधवार की शाम पुलिस ने छापेमारी की। विधायक ललई यादव घर पर नहीं मिले। आरोप है कि पुलिस ने विधायक के बुजुर्ग पिता और उनके चाचा के साथ बदसलूकी की।
एसपी सिटी डा. अनिल कुमार पांडेय की अगुवाई में सर्किल के सभी थानों की फोर्स बुधवार की शाम सात बजे शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के पक्खनपुर गांव स्थित विधायक शैलेंद्र यादव ललई के आवास पर पहुंची। घर पर मौजूद उनके पिता 82 वर्षीय तालुकदार यादव और चाचा पूर्व ब्लाक प्रमुख ईशनारायण से विधायक के बारे मे पूछताछ की। विधायक के चाचा ने बताया कि वह घर पर नहीं हैं। विधायक के न मिलने पर आरोप है कि पुलिस उनके बुजुर्ग पिता के साथ बदसलूकी से पेश आई। उल्लेखनीय है कि बीते छह नवंबर को खुटहन ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान हुए बवाल में विधायक ललई यादव, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व सांसद धनंजय समेत 150 लोगों के खिलाफ पुलिस ने बलवा, आगजनी, फायरिंग और प्राण घातक हमले के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने प्रतापगढ़ के सांसद हरिवंश सिंह की तहरीर पर विधायक, एमएलसी और पूर्व सांसद के खिलाफ केस दर्ज किया है।