मड़ियाहूं। नगर में रविवार की रात भरत मिलाप के दौरान लड़की से छेड़खानी मामले में पकड़ कर थाने को सुपुर्द किया गया युवक थाने से फरार हो गया। आरोपी युवक के परिवारीजन जब उसे खोजते हुए थाने पहुंचे तो युवक को न पाकर पुलिस हैरान हो गई। परिवार वालों को बताया गया कि युवक को छोड़ दिया गया था।
स्थानीय कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनकी बेटी भरत मिलाप मेला देखने आई थी। जहां नगर के ही एक युवक उसका हाथ पकड़कर गली में खींचने लगा। जब लड़की चिल्लाई तो मोहल्ले के लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए युवक के परिजन सुबह थाने पहुंचे तो पुलिस ने बताया कि उसे रात में ही छोड़ दिया गया था। परिजन आरोप लगाने लगे कि वह अभी तक घर नहीं पहुंचा तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। तब तक इसकी जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों को हो गई। पुलिस अधिकारियों ने भी इंस्पेक्टर से पूछताछ शुरू कर दी। पता चला है कि पुलिस ने युवक को छोड़ा नहीं था बल्कि वह थाने से भाग गया था। युवक को खोजने में पुलिस घंटों परेशान रही। बाद में पता चला कि वह युवक फूलपुर अपने किसी रिश्तेदारी में चला गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मामले में कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं किया है। हालांकि इस मामले में सीओ रामभवन यादव सफाई देते हुए कहा है कि छेड़खानी के आरोपी को पुलिस थाने जरूर ले आई थी लेकिन उसके खिलाफ कोई केस नहीं दर्ज था। इसलिए पुलिस ने छोड़ दिया था।