गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सखैला गांव में रविवार को अपनी पत्नी के साथ मिलकर भाई की हत्या करने के मामले में आरोपी छोटे भाई और उसकी पत्नी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को सुबह थाना क्षेत्र के कुकुहां मोड़ स्थित इर्दगाह के पास से दोनों को गिरफ्तार किया है।
सखैला गांव में रविवार को 18सौ रुपये के लेनदेन के विवाद में ईंट से वार कर शेर बहादुर सोनकर (40) की हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी आशा देवी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के छोटे भाई संतोष सोनकर और उसकी पत्नी पिंकी सोनकर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। थानाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों हत्यारोपी कहीं भागने के फिराक में थे। वे कुकुहा मोड़ के पास किसी साधन का इंतजार कर रहे थे तभी मुखबिर से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।