खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के लवायन गांव में रविवार की सुबह पोल से टूटकर गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से साइकल सवार किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लवायन निवासी साहेबलाल चौरसिया का 17 वर्षीय पुत्र मुकेश साइकिल से खाद्यान्न लेने कोटेदार के यहां जा रहा था। वह उपाध्याय बस्ती के पास चक मार्ग से गुजर रहा था तभी पोल से टूटकर 11 हजार वोल्ट का तार उसके ऊपर गिर पड़ा। गांव के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई बंद कराकर किशोर को तार से अलग किया। उसे शाहगंज में एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक किशोर के पिता ने विद्युत विभाग पर अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।