जलालपुर। आनलाइन मोबाइल और हार की खरीददारी करने वाले दो लोग ठगी के शिकार हो गए। डाक से आए पार्सल को पैसे चुकाकर घर ले आकर पैकेट खोला तो मोबाइल और हार वाले डिब्बे में भगवान गणेश की तस्वीर वाला लाकेट मिला। इससे हैरान दोनों लोगों ने पुलिस से शिकायत की है।
जलालपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर मझवारा निवासी रंजन चौबे और प्रधानपुर निवासी धीरज ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने दिल्ली की ग्लैक्सी इंटर प्राइजेज नामक कंपनी की वेबसाइट से आनलाइन मोबाइल फोन और हार बुक किया था। डाक के माध्यम से मंगलवार को पार्सल मिला तो वे मोबइल की कीमत 3500 और हार की कीमत एक हजार चुकाकर पैकेट घर ले आए। पैकेट खोला तो दोनों पैकेट में भगवान गणेश की तस्वीर वाला लाकेट मिला। पैकेट पर छपे कंपनी के पते पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।