केराकत। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भौरा गांव के पास मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे स्कूल बस की चपेट में आने से तीन वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद बस समेत चालक फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। अकबरपुर - बजरंगनगर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे सीओ रामभुवन यादव ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई आश्वासन दिया और लोगों को समझा बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर्र पोस्टमार्टम के लिए भेद दिया।
गाजीपुर जनपद के हाजीपुर निवासी राजू सोनकर की पत्नी नीतू सोनकर अपने बच्चों के साथ केराकत कोतवाली क्षेत्र के भौरा गांव में स्थित अपने मायके में रह रही हैं। नीतू की पुत्री कली सोनकर (तीन) सुबह करीब आठ बजे घर के सामने सड़क किनारे खड़ी थी तभी केराकत से स्कूली बच्चों को लेकर बजरंगनगर की ओर जा रही बस की चपेट में आ गई। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव को अकबरपुर - बजरंग नगर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामभुवन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ ने लोगों को समझा बुजाकर जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।