मीरगंज। रामपुर से जंघई जाने वाली एक निजी बस में सफर कर रहे एक छात्र को एक साधू वेशधारी ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण का प्रयास किया। बस जब जंघई पहुंची तो होश आने पर छात्र ने पुलिस को जानकारी दी।
रामपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी अहमद रजा (12) पुत्र मोहम्मद अताउल्लाह मीरगंज बाजार में दारूउल सईदिया मदरसे में पढ़ाई करता है । बुधवार दोपहर वह रामपुर से एक निजी बस से मीरगंज आ रहा था। छात्र के मुताबिक एक बाबा उसे बरसठी थाने के कटवार बाजार के पास उसके नाक में रुमाल से कुछ सुंघा दिया । जिससे वह बेहोश हो गया और वह मीरगंज नहीं उतर सका। जंघई बस पहुंचने पर उसे होश आया तो देखा पूरी बस खाली है। बस से उतर कर वह स्टेशन की तरफ रोते हुए जा रहा था। किसी की नजर उसपर पड़ी तो उसने बच्चे से रोने का कारण पूछा। छात्र ने आपबीती सुनाई तो सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर जंघई चौकी प्रभारी मोहम्मद हासिक मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज जंघई ने परिजनों को सूचना दिया। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। सूचना पर जंघई पुलिस चौकी पहुंचे छात्र के पिता को पुलिस ने उनके बेटे को सौंप दिया। पिता अताउल्ला का कहना है कि एक साल से उनका बेटा मीरगंज आकर हाफिज की पढ़ाई कर रहा है । उसके अपहरण का प्रयास किया गया है।