जलालपुर। क्षेत्र के कैरी गांव में मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से मंशा देवी के रिहायशी मड़हे में लगी आग से गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से अंदर फंसी महिला व उसके बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गांव निवासी रामजियावन की पत्नी मंशा देवी अपने करकट वाले मकान में बच्चे के साथ सो रही थी। तभी आधी रात को मकान के दरवाजे के सामने लगे झप्पर में आग लग गई। आग की लपट तेज हो गई है तो महिला की नींद खुल गई। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने सीमेंट शेड को तोड़कर महिला व उसके बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छप्पर में रख गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।