जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए रविवार को भी विश्वविद्यालय के सभी संबंधित कार्यालय खुले रहे।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कुलसचिव ने बताया कि दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए 50 से अधिक समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक समिति को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि समारोह की तैयारियों को गति देने के लिए शनिवार और रविवार को भी कार्यालयों में नियमित रूप से कार्य किया जा रहा है।
बैठक में सभी समिति संयोजकों को निर्देश दिए गए कि शेष तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, आयोजन के दौरान असुविधा न हो। गौरतलब है कि इस पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जौनपुर और गाजीपुर जनपद के कुल 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं।
बैठक में परीक्षा नियंत्रक सहित सभी समितियों के संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूर्वांचल विवि से जौनपुर और गाजीपुर जनपद के कुल 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इनमें जौनपुर के 231 महाविद्यालय (तीन राजकीय, 14 अनुदानित और 214 स्ववित्तपोषित) तथा गाजीपुर के 373 महाविद्यालय (चार राजकीय, आठ अनुदानित और शेष स्ववित्तपोषित) शामिल हैं।