जौनपुर। जिले में मोबाइल उपभोक्ताओं के सामने इस समय सबसे बड़ी समस्या कॉल ड्राॅप की है। यही नहीं इंटरनेट की धीमी गति व कभी कबार न चलने के कारण ई-ट्रांजेक्शन भी प्रभावित हो रहा है। टेलीकॉम कंपनियों की मानें तो सड़क की खोदाई के कारण कटे तारों से यह समस्या है। जल्द ही इसे ठीक किया जाएगा।
जिले में बीएसएनएल, जीओ व वीआई के जिले में करीब 10 लाख उपभोक्ता हैं, इनसे हर 28 दिन में 25 करोड़ का रिचार्ज हो रहा है। इससे कंपनियां तो मालामाल हो रही हैं लेकिन ग्राहकों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। बीएसएनएल सिम के करीब एक लाख उपभोक्ता हैं। विभाग का दावा है कि उनके साथ ऐसी कोई कॉल ड्राॅप की समस्या नहीं होती। इसके लिए समय-समय पर टेलीकॉम रेगुलेटरी अथारिटी ऑफ इंडिया की तरफ से निगरानी की जाती है। इसमें कॉल ड्राॅप होने पर पेनाल्टी लगती है। वहीं जानकारों की माने तो सस्ता टैरिफ होने के चलते ग्राहकों की संख्या को कंपनियों ने ज्यादा कर दी हैं लेकिन सुविधाएं नहीं मुहैया करा पा रही हैं। जैसे वीटीएस पर लाइट नहीं होना व जनरेटर न चलते से भी नेटवर्क की समस्या आती है।
बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जाता है। बावजूद जिन जगहों पर काॅल ड्राॅप की शिकायत मिलेगी उसको टीम भेजकर दुरुस्त कराया जाएगा। -राघवेंद्र कुमार, जिला प्रबंधक, बीएसएनएल।