औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड पर चल रहे दोहरीकरण के पहले चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसका निरीक्षण सोमवार को रेलवे सुरक्षा आयोग लखनऊ परिमंडल के आयुक्त मो. लतीफ खान करेंगे। इसको लेकर रविवार को डोभी और दुधौड़ा रेलवे स्टेशन पर तैयारियां की गईं।
औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड का दोहरीकरण तीन चरणों में होना था। प्रथम चरण औड़िहार से डोभी स्टेशन तक 22 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है। 110 किलोमीटर गति से चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को देखते हुए दोहरीकरण का निर्माण किया गया है। सोमवार को उत्तर पूर्व परिमंडल लखनऊ के रेलवे सुरक्षा आयोग के आयुक्त लखनऊ मो. लतीफ खां मोटर ट्राली से निरीक्षण करेंगे। इस अवसर पर वाराणसी मंडल रेलवे प्रबंधक रामाश्रय पांडेय सहित अन्य रेलवे के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। रेलवे सुरक्षा आयोग के आयुक्त स्पीड ट्रायल को भी परखेंगे। साथ ही दुधौड़ा स्टेशन व डोभी स्टेशन का यार्ड व पुल का भी निरीक्षण कार्य भी शामिल है। उम्मीद है कि निरीक्षण में आयुक्त के संतुष्ट होने पर औड़िहार से डोभी स्टेशन तक एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की अनुमति मिलेगी।