जौनपुर। जिले में तीन जनवरी से 15 से 17 वर्ष के किशोर-किशोरियों को कोविड का टीका लगाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस आयु वर्ग के करीब डेढ़ लाख किशोर-किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है।
जिले में 3.15 लाख किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। शासन के निर्देश के क्रम में जल्द ही इस आयुवर्ग का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने कहा कि किशोरों के इस लक्षित आयु वर्ग में वर्ष 2004, 2005, 2006 एवं 2007 के किसी भी माह में जन्मे बच्चों को कोविड टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने वर्ष 2007 में जन्मे बच्चों के अभिभावकों से उनका टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस समय स्कूलों में टीकाकरण कैंप लगाए जा रहे हैं। जबकि पीएचसी तथा सीएचसी पर पहले से ही टीकाकरण सत्र संचालित किए जा रहे हैं। कहीं पर भी किशोरों का टीकाकरण कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस लक्षित समूह को कोवैक्सीन की खुराक लगाई जा रही है।
अब तक जिले में टीकाकरण की स्थिति
जौनपुर। जनपद में अभी तक करीब 5741650 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें से करीब 3523402 पहली डोज, 2208748 दूसरी डोज तथा 9500 लोगों को बुस्टर डोज लगाई जा चुकी है। 18 से 44 वर्ष के लोगों को 3588414 डोज लग चुकी है। इसमें से 2240457 पहली डोज और 1347957 दूसरी डोज लग चुकी है। 45 से 59 वर्ष के लोगों को 1171399 से डोज लगी है। इसमें से 669947 पहली डोज तथा 501452 दूसरी डोज लग चुकी है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 757905 डोज लग चुकी है। इसमें से 425943 पहली डोज, 330935 दूसरी डोज तथा 1027 बुस्टर डोज लग चुकी है।