जौनपुर। राशन की दुकानों को घरों से निकालकर एक व्यवस्थित स्थान देने के लिए जिले में मॉडल शॉप यानी अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की 15 अन्नपूर्णा भवनों (माॅडल उचित दर दुकान) का लाेकार्पण किया।
जिला पूर्ति अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जिले में ग्राम पंचायत कमालपुर, कुहिया, डोमनपुर, बरगांव, शाहगंज, मदारीपुर भेला, सुईथाकला, उमरीपुर, इब्राहिमखुर्द,पाली, गोपालापुर, गोल्हनामऊ, नाथूपुर, अमहित, बरामनपुर, बरौटी असबरनपुर में खोला गया है।
जिले में लोकार्पण का मुख्य कार्यक्रम बदलापुर में आयोजित हुआ। यहां मुख्य अतिथि विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र ने सरकार की अन्नपूर्णा भवन योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी कोटेदार ईमानदारी से राशन का वितरण कराएं। ई-पास मशीन, ई-वेइंग मशीन से पारदर्शी तरीके से वितरण किया जाए। इस मौके पर तहसीलदार राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी धर्मेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमिता द्विवेदी, शनि शुक्ला, अर्चना सिंह, अभिनव मिश्रा, अंबुज तिवारी, अनूप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।