सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम रविवार को पांचवीं बार जौनपुर आई। बक्सा थाना क्षेत्र के चकमिर्जापुर गांव निवासी व पुलिस अभिरक्षा में मृत कृष्णा यादव उर्फ पुजारी के घर गई। टीम ने करीब तीन घंटे तक पीड़ित के परिजनों के अलावा गांव वालों से पूछताछ की।
सीबीआई इंस्पेक्टर अरुण रावत के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम सुबह करीब साढ़े दस बजे बख्शा थाना क्षेत्र के चकमिर्जापुर गांव पहुंची। लगभग तीन घंटे तक पुलिस कस्टडी में मृत कृष्णा यादव उर्फ पुजारी के घर रही। इस दौरान टीम ने कृष्णा के परिवार के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। कृष्णा के भाई अजय ने बताया कि घटना की शाम पुलिस सड़क पर स्थित एक चाय की दुकान पर रुकी थी। जहां से बाइक से युवक (नामजद) को उनके घर भेजा। युवक ने उनके भाई कृष्णा से कहा कि तुम्हें थानाध्यक्ष (नामजद) ने बुलवाया है। जहां पहुंचते ही सिपाहियों ने उसके भाई को गाड़ी में बैठा लिया था। सीबीआई ने इस जानकारी मिलने के बाद घटना के दिन चाय की दुकान पर मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों को घर बुलाकर उनसे अलग-अलग बात की। इसके बाद गांव की सड़क के उस मोड़ पर सभी को ले गई, जहां से चाय की दुकान सीधे दिखाई पड़ती है। वहां भी सभी से फिर पूछताछ की। टीम ने एक महिला पुलिस से भी घटना के बारे में जानकारी ली। जिसने बताया कि 10 फरवरी को वह छुट्टी पर थी। एक अन्य सिपाही से जानकारी लेने की कोशिश की तो उसने बताया कि उन दिनों उसकी तैनाती तेजीबाजार चौकी पर थी।