बरईपार। शहर या गांव का बाजार हो या फिर कोई प्रमुख चौराहा... हर जगह फल के ठेले या दुकानें मिल जाएंगी। यहां सजा कर चमकदार फल बेचे जा रहे हैं। लेकिन क्या हम जानते हैं कि जो फल हम खा रहे हैं कहीं ये एथिलीन या कार्बाइड से तो नहीं पकाये गए.? यह जान लेना जरूरी है। डॉक्टरों की मानें तो रसायनिक तरीके से पकाए फलों के सेवन से शरीर में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
चिकित्सकों के मुताबिक फल की दुकानों पर बिकने वाले सेब, संतरा, अंगूर या बिना मौसम मिलने वाले आम जो हम और आप खा रहे हैं इनको पकाने के लिए जो इसमें रसायन मिलाया जाता है। यह स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होता है। एक तय सीमा तक कोई भी रसायन नुकसान नहीं करता है लेकिन तय सीमा के ऊपर होगा तो नुकसान करता है। एथिलीन और कार्बाइड रसायन का प्रयोग करके फलों को पकाया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक सिद्ध हो रहा है। एथिलीन या कार्बाइड दोनों ही फलों को पकाने में मदद करता है। इसका अधिक मात्रा में प्रयोग फलों में कैंसर जैसे रोगों को बढ़ावा देता है।