शाहगंज क्षेत्र के अक्खीपुर गांव में मंगलवार को दोपहर में चावल खरीदने पहुंचे व्यवसायी से मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के दौरान युवक ने फावड़े से हमला कर दिया। घायल को इलाज के राजकीय पुरुष चिकित्सालय ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पक्का पोखरा मोहल्ला निवासी सूरज (21) पुत्र जगदम्बा अनाज की खरीद फरोख्त करते हैं। मंगलवार को दोपहर में चावल खरीदने अपनी आटो से क्षेत्र अक्खीपुर गांव पहुंचे। इस बीच अक्खीपुर गांव निवासी एक युवक से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर युवक ने व्यवसायी पर फावड़ा से हमला कर दिया। फावड़ा से गर्दन पर चोट लगने से सूरज लहूलुहान हो गए। घायल को आनन-फानन में उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दिए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।