बरसठी। थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में इंटर कॉलेज के प्रवक्ता के सूने मकान से चोरों ने लाखों का माल उड़ा दिया। जाते-जाते चोरों ने घर में आग लगाकर सामान जला दिए। पड़ोसियों के माध्यम से सूचना मिलने शनिवार को गृहस्वामी ने पुलिस को अवगत कराया।
सिरौली गांव निवासी राजेंद्र यादव नागरिक इंटर कॉलेज जंघई में प्रवक्ता है। उनके बच्चे प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करते हैं। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह उन्हें लेकर प्रयागराज में उपचार कराने गए थे। शुक्रवार की रात में चोर छत के सहारे आंगन में उतर गए। कमरों का ताला तोड़कर आलमारी में रखा ढाई लाख कीमत के जेवरात, कपड़ा, बर्तन आदि उठा ले गए।
चोर घर में आग भी लगा दिया, जिससे कई सामान जल गए। घर से धुआं निकलते देख गांव के लोगों ने किसी तरह बुझाया। रात में ही घटना की जानकारी गांव के लोगों ने राजेंद्र यादव के साथ 112 नंबर पर दी। राजेंद्र यादव ने बताया कि चोर जेवरात समेत करीब साढ़े तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए।