सिकरारा। थाना क्षेत्र के बिसुनपुर पुल गूजर गांव में बुधवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग से छप्पर में बंधी भैस, बाइक सहित हजारों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन जब तक वह मौके पर पहुंचती सब कुछ जल चुका था।
बिसुनपुर पुल गूजर गांव निवासी अजित यादव के घर के सटा हुआ छप्पर है। जिसमें उनकी एक भैस बंधी थी। बगल में बाइक भी खड़ी थी। बुधवार की रात लगभग 10 बजे परिवार के लोग भोजन करके सोने चले गए। थोड़ी देर में छप्पर से तेज लपटें निकलती देख किसी ने शोर मचाया तो परिजन जागकर वहां पहुंचे। तब तक आग पूरे छप्पर को गिरफ्त में ले लिया था। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन सब बेकार गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन जब तक वह घटना स्थल पर पहुंचती छप्पर में बंधी भैस और बाइक समेत गृहस्थी का हजारों के सामान जल गया।