पुलिस तत्परता दिखाई होती तो छात्र मिथिलेश की जान बच जाती। छात्रों के दो गुटों में कहासुनी होने के दौरान स्कूल के प्रधानचार्य ने इसकी सूचना पुलिस को देने के लिए फोन मिलाया, लेकिन जलालपुर थाने का सीयूजी नंबर पर फोन नहीं उठा। थोड़ी देर में फोन उठा तो इंस्पेक्टर प्रधानाचार्य पर ही भड़क गए और बोले, छोटे-छोटे विवाद पर फोन कर देते हो क्या पुलिस इतना खाली बैठी है।
रामरूप सर्वोदय इंटर कॉलेज भवनाथपुर त्रिलोचन महादेव में रविवार को भौतिक विज्ञान के प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान छात्रों के दो गुटों में हुई मारपीट को रोका जा सकता था, जब आपस में छात्र वाद विवाद कर रहे थे। तभी इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य लल्लू राम यादव ने इंस्पेक्टर जलालपुर के सीयूजी नंबर पर फोन लगाया, लेकिन फोन उठा नहीं।
थोड़ी देर बाद जब फोन उठाया गया तो विद्यालय के लोगों के ऊपर ही इंस्पेक्टर भड़क उठे। उन्होंने कहा कि आप छोटे विवादों को लेकर के फोन कर देते हो, क्या पुलिस इतना खाली पड़ी हुई है, जो छोटी-छोटी बातों को लेकर के दौड़ती फिरे।
अगर इस बात को इंस्पेक्टर की ओर से गंभीरता से लिया गया होता तो छात्र मिथिलेश की जान बच जाती। अगर मामले को संज्ञान लिया होता तो बगल में ही 200 मीटर दूर पुलिस बूथ बना है। वहां से तत्काल पुलिस पहुंच गई होती और छात्र मिथिलेश की जान बच जाती। मृतक छात्र मिथिलेश यादव दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
छोटा भाई उमेश यादव कक्षा 10 का छात्र है। पिता उपेंद्र यादव बिल्डिंग मटेरियल की दुकान चलाते हैं। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य लल्लू राम यादव ने बताया कि जब छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हो रही थी, तभी मैने जलालपुर थाने का सीयूजी नंबर पर काल किया, लेकिन फोन नहीं उठा, थोड़ी देर बाद दोबारा काल करने पर फोन उठा तो थानाध्यक्ष मेरे उपर ही भड़क गए और फोन रख दिया।
12वीं के छात्र मिथिलेश कुमार यादव की मौत के बाद लोगों में आक्रोश है। जलालगंज रेलवे फाटक के समीप की अधिकांश दुकानें भी बंद रहीं। वहीं,तनाव को देखते हुए पुलिस लालपुर गांव स्थित जलालगंज रेलवे फाटक के पास तैनात कर दी गई है। मृतक छात्र मिथिलेश के शव की मौत वाराणसी जनपद की सीमा में हुई, जिसके कारण वहां की पुलिस को उसके शव को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो फिर हंगामा हुआ। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दी गई है। साथ ही पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी पूरे स्थिति पर नजर लगाए हुए हैं।
प्रायोगिक परीक्षा के दौरान हुए मारपीट की पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मारपीट का फुटेज भी सामने आया है। जिसमें मुंह बांधकर आए लड़के मारपीट करते दिख रहे हैं।नेवादा गांव के रहने वाले मिथिलेश यादव 12वीं का छात्र था। परिजनों ने बताया कि मिथिलेश और प्रियांशु एक क्लास में पढ़ते थे। मिथिलेश की फाइल प्रियांशु छीन रहा था, जिससे कुछ पेज फट गए थे। इसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। वाद बढ़ा तो प्रियांशु ने अपने दोस्त हिमांशु, अंतिम, साहिल, रवि और नीरज को बुला लिया, जो करीब 20-25 की संख्या में पहुंचे थे।